Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सहरसा, 21 जून (हि.स.)।
जिले के बलवाहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत बघवा पंचायत के गोपालपुर गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में दो किशोरी की नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई तथा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार गोपालपुर गांव वार्ड संख्या-04 निवासी मोहम्मद कासिम की लगभग 14 वर्षीय पुत्री निशा प्रवीण तथा मोहम्मद कासिम के साढू मोहम्मद मुन्ना की लगभग 18 वर्षीय पुत्री जन्नती खातून बघवा गांव से पश्चिम स्थित नदी में स्नान करने गई थीं। स्नान के दौरान अचानक दोनों का पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में चली गईं। जब तक आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, दोनों पानी में डूब चुकी थीं।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तत्काल खोजबीन शुरू की। काफी प्रयास के बाद दोनों किशोरियों के शव को नदी से बाहर निकालकर गांव लाया गया। बताया जाता है कि दोनों बच्चियां बाहर रहकर पढ़ाई करती थीं और पारिवारिक कार्यक्रम एवं शादी समारोह में शामिल होने के लिए गांव आई हुई थीं।
घटना की सूचना मिलते ही बलवाहाट थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। , एसआई मैनुद्दीन एवं एसआई अमित कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद प्रशासन द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया।इस हृदयविदारक घटना से पूरे गोपालपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने मृतक किशोरियों के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार