Enter your Email Address to subscribe to our newsletters




सारण, 21 जून (हि.स.)।
जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन केंद्र के सिपाही प्रशिक्षण केंद्र में 2025 बैच के प्रशिक्षु सिपाहियों के लिए दीक्षान्त परेड समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रशिक्षण पूरा कर चुके नव नियुक्त सिपाहियों ने पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कर्तव्य पालन की शपथ ली।
समारोह में सारण प्रमंडल के पुलिस उप महानिरीक्षक निलेश कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार उपस्थित रहे। इनकी उपस्थिति में मुख्य मंच से प्रशिक्षु सिपाहियों को पद और गोपनीयता के साथ-साथ पुलिस नियमावली के अक्षरशः पालन करने की शपथ दिलाई गई।
रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजे मैदान में आयोजित इस दीक्षांत समारोह के दौरान सभी प्रशिक्षु सिपाही पूरी अनुशासित वर्दी में कतारबद्ध नजर आए। मंच से अधिकारियों द्वारा बोले गए वचनों को दोहराते हुए जवानों ने कहा मैं शपथ लेता हूँ कि मुझे आचार नियमावली में पुलिसकर्मी का जो कर्तव्य एवं दायित्व है, वो मुझे समझा दिए गए हैं और मैं उन्हें स्वीकार करता हूँ। मैं शपथ लेता हूँ कि सरकार और अपने वरीय तथा साथ काम करने वाले पुलिसकर्मियों का विश्वास पात्र बना रहूँगा तथा मैं अपने कर्तव्य का पालन ईमानदारी, परिश्रम, हर्ष एवं नम्रता के साथ करूँगा।
समारोह के दौरान परेड की सलामी लेने के बाद डीआईजी निलेश कुमार और एसएसपी विनीत कुमार ने नए सिपाहियों को बधाई दी। अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस का काम केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की मदद करना भी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कड़े प्रशिक्षण के बाद बल में शामिल हो रहे ये युवा सिपाही पुलिस की कार्यकुशलता और छवि को एक नया आयाम देंगे।
समारोह के समापन पर परेड कमांडर और ध्वजवाहकों ने अत्यंत अनुशासित तरीके से मार्च पास्ट करते हुए वरीय अधिकारियों को सलामी दी। इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने के लिए कई जवानों के परिजन भी वहां मौजूद थे, जिन्होंने अपने बच्चों को राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित होते देखा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार