सरकारी आरक्षित भूमि से अतिक्रमण हटाने की तैयारी में नगांव प्रशासन
नगांव (असम), 21 जून (हि.स.)। नगांव जिला प्रशासन हाटीचोंग मौजा के अंतर्गत सरकारी आरक्षित भूमि पर कथित अतिक्रमण हटाने के लिए बड़े पैमाने पर बेदखली अभियान चलाने की तैयारी कर रहा है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार आगामी दिनों में इस अभियान को शुरू किए जान
Nagaon Administration Released Image of the Encroached Govt Reserve Land.


नगांव (असम), 21 जून (हि.स.)। नगांव जिला प्रशासन हाटीचोंग मौजा के अंतर्गत सरकारी आरक्षित भूमि पर कथित अतिक्रमण हटाने के लिए बड़े पैमाने पर बेदखली अभियान चलाने की तैयारी कर रहा है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार आगामी दिनों में इस अभियान को शुरू किए जाने की संभावना है और इसके लिए आवश्यक तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

असम सरकार के मंत्री केशब महंत तथा विधायक रूपक शर्मा ने अधिकारियों की एक टीम के साथ प्रस्तावित बेदखली के लिए चलाए जाने वाले स्थलों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सरकारी आरक्षित भूमि पर कथित रूप से किए गए अतिक्रमणों और वहां की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई।

प्रस्तावित अभियान के तहत नगांव सदर राजस्व चक्र के अंतर्गत स्थित गरैमारी पथार किस्म के सरकारी आरक्षित क्षेत्र संख्या-72 तथा बगरीगुड़ी पाम किस्म के सरकारी आरक्षित क्षेत्र संख्या-62 और 63 से अतिक्रमण हटाया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार आरक्षित भूमि के कुछ हिस्सों पर स्थायी आवासीय ढांचे निर्मित किए गए हैं। इसके अलावा कथित अतिक्रमणकारियों द्वारा अधिसूचित भूमि क्षेत्र में तालाब भी खोदे गए हैं।

प्रशासन का कहना है कि भूमि खाली करने के लिए 25 जुलाई, 2025 को संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए गए थे। हालांकि, नोटिस के बावजूद भूमि पर कब्जा बनाए रखा गया और निर्देशों का पालन नहीं किया गया।

लगातार अनदेखी के बाद जिला प्रशासन ने अब अतिक्रमित सरकारी भूमि को मुक्त कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। अधिकारियों ने बताया कि अभियान के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक प्रशासनिक और लॉजिस्टिक व्यवस्थाएं अंतिम चरण में हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश