Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कोलकाता, 21 जून (हि. स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के डेबरा थाना में पूर्व विधायक सुजय हाजरा के खिलाफ दर्ज एफआईआर मामले में अब अभिषेक बनर्जी के करीबी सहयोगी सुमित राय का नाम भी जुड़ गया है। पुलिस ने सुमित राय के खिलाफ भी मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शालबनी थाना में पहले से दर्ज एक अन्य मामले में भी पुलिस सुमित राय की तलाश कर रही है। अब तक उनका कोई पता नहीं चल पाया है। राज्य की जांच एजेंसी अपराध अन्वेषण विभाग (सीआईडी) ने उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर भी जारी किया है। अब डेबरा थाना के एक नए मामले में भी उनका नाम सामने आया है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि आरोपित आशिक ने उनसे और पैसे की मांग की थी। उसने कहा था कि यह रकम अभिषेक बनर्जी के करीबी सहयोगी को देनी होगी। शिकायत के मुताबिक कुछ पैसे लेने के बाद रंगीन जेरॉक्स के रूप में एक नियुक्ति पत्र दिया गया, लेकिन असली नियुक्ति पत्र कभी नहीं दिया गया। जब पैसे वापस मांगे गए तो झूठे मामले में फंसाने की धमकी भी दी गई।
इसी मामले में अब सुमित राय के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है। इससे पहले एक अन्य मामले में सुमित की तलाश में शालबनी थाना पुलिस कोलकाता के कालीघाट स्थित अभिषेक बनर्जी के घर तक पहुंच गई थी। पुलिस के साथ केंद्रीय बल भी मौजूद था। काफी देर इंतजार के बाद पुलिस ने ताला तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया था।
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को सुमित राय के मोबाइल की आखिरी लोकेशन अभिषेक बनर्जी के घर के आसपास मिली थी। इसी आधार पर शनिवार को वहां छापेमारी की गई। हालांकि सुमित राय वहां नहीं मिले। उसी दिन पुलिस ने हुगली जिले के श्रीरामपुर स्थित उनके ससुराल में भी तलाशी अभियान चलाया, लेकिन वहां से भी उनका कोई सुराग नहीं मिला।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता