तालाब में डूबने से दो मासूम बहनों की मौत
उत्तर दिनाजपुर, 16 जून (हि. स.)। जिले के रायगंज में मंगलवार को तालाब में नहाने के दौरान दो सगी बहनों की डूबकर मौत हो गई। मृत बच्चियों की पहचान टुम्पा मार्डी (07) और प्रमिला मार्डी (07) के रूप में हुई है, जो स्थानीय स्कूल की दूसरी कक्षा की छात्राएं
तालाब में डूबने से दो मासूम बहनों की मौत


उत्तर दिनाजपुर, 16 जून (हि. स.)। जिले के रायगंज में मंगलवार को तालाब में नहाने के दौरान दो सगी बहनों की डूबकर मौत हो गई। मृत बच्चियों की पहचान टुम्पा मार्डी (07) और प्रमिला मार्डी (07) के रूप में हुई है, जो स्थानीय स्कूल की दूसरी कक्षा की छात्राएं थी।

जानकारी के अनुसार, दोनों बहनें अपने घर से करीब एक किलोमीटर दूर एक तालाब में मंगलवार को नहाने गई थी। उनके साथ एक चार साल की बच्ची भी थी। नहाते समय अचानक पैर फिसलने से दोनों गहरे पानी में डूब गई। उनके साथ मौजूद छोटी बच्ची डर के मारे घर लौट आई, लेकिन उसने किसी को घटना के बारे में नहीं बताया। जब देर शाम तक दोनों बहनें घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने तलाश शुरू की। पूछताछ करने पर एक छोटी बच्ची ने पूरी घटना बताई। इसके बाद परिवार और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। रायगंज थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गोताखोरों की मदद से काफी देर तक तलाशी अभियान चलाया, जिसके बाद दोनों के शव बरामद किए गए।

दोनों को रायगंज मेडिकल कॉलेज व अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस मामले में अस्वाभाविक मौत का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार