Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

अभिनेता अल्लू अर्जुन की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'राका' को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। फिल्म का निर्देशन एटली कर रहे हैं, जो 'जवान', 'थेरी' और 'बेबी जॉन' जैसी सफल फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। कुछ समय पहले फिल्म का पहला पोस्टर जारी किया गया था, जिसके बाद से प्रशंसकों के बीच इसकी चर्चा लगातार बनी हुई है। अब फिल्म की रिलीज को लेकर नई जानकारी सामने आई है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, निर्माता फिल्म को दिसंबर 2027 में रिलीज करने की योजना पर काम कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि यदि सब कुछ तय कार्यक्रम के अनुसार चला तो फिल्म की शूटिंग इस वर्ष के अंत तक पूरी हो सकती है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि शूटिंग और अन्य तैयारियों को सुचारु रूप से पूरा करने के लिए टीम मुंबई में बड़े स्तर पर काम शुरू करने वाली है। हालांकि फिल्म की रिलीज तारीख को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
'राका' में अल्लू अर्जुन के साथ पहली बार दीपिका पादुकोण मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। इसके अलावा मृणाल ठाकुर, रश्मिका मंदाना और जाह्नवी कपूर भी अहम किरदार निभाती दिखाई देंगी। फिल्म का निर्माण सन पिचर्स कर रहा है और इसका बजट 700 करोड़ रुपये से अधिक बताया जा रहा है। 'राका' के अलावा अल्लू अर्जुन के पास लोकेश कनगराज की अनाम फिल्म और पुष्पा 3 जैसी बड़ी परियोजनाएं भी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे