Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हरिद्वार, 11 जून (हि.स.)। कृषि ऋण माफ कराने का सपना दिखाकर एक किसान से 2.75 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान ने बैंक शाखा प्रबंधक समेत दो लोगों पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए कोतवाली पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार कंकरखाता गांव निवासी किसान पहल सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसे भरोसा दिलाया गया था कि उसका कृषि ऋण पूरी तरह माफ करा दिया जाएगा। आरोप है कि इसी विश्वास में उसने 25 अगस्त 2025 को 2.75 लाख रुपये बैंक में जमा कराए। रकम जमा करने के बाद उसे रसीद भी दी गई, जिससे उसे लगा कि ऋण माफी की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
किसान का कहना है कि कई महीने बीत जाने के बावजूद उसका ऋण समाप्त नहीं हुआ। कई बार बैंक और संबंधित लोगों के चक्कर लगाने के बाद भी कोई समाधान नहीं निकला। अंततः उसने आरोपितों को कानूनी नोटिस भेजा तो संबंधित लोगों ने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि ऋण माफी कराना उनके अधिकार में नहीं है और उन्होंने उससे कोई धनराशि नहीं लिया।
पहल सिंह ने आरोप लगाया कि सुनियोजित तरीके से भ्रमित कर 2.75 लाख रुपये हड़प लिए। उसने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
लक्सर कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला