Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सागर, 11 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर शहर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने के उद्देश्य से संचालित की जा रही प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के क्रियान्वयन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में योजना से जुड़े निर्माण एवं तकनीकी कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और सभी लंबित कार्य 30 जून तक पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि सागर शहर का चयन प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत किया गया है तथा बसें उपलब्ध हैं। ऐसे में केवल आधारभूत ढांचे की अधूरी तैयारियों के कारण नागरिकों को इस सुविधा से वंचित नहीं रखा जा सकता। उन्होंने संबंधित विभागों को समन्वय के साथ मिशन मोड में कार्य करने के निर्देश दिए।
डिपो और चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर पर विशेष फोकस
समीक्षा के दौरान न्यू आरटीओ कार्यालय के समीप तिलीमाफी क्षेत्र में निर्माणाधीन ई-बस डिपो के विद्युतीकरण और अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने विद्युत वितरण कंपनी और ट्रांसमिशन विभाग के अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ कार्यों में तेजी लाने को कहा।
डिपो परिसर में 1.5 एमवीए क्षमता के 33 केवी सब-स्टेशन तथा सुआताला फीडर से 1500 केवीए क्षमता के ईवी चार्जिंग स्टेशन तक विद्युत लाइन बिछाने का कार्य 30 जून तक पूरा करने की समय-सीमा तय की गई है।
कंट्रोल रूम और मेंटेनेंस सुविधाएं प्राथमिकता में
सागर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड और सिविल विंग के अधिकारियों को डिपो परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की गति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि डिपो संचालन के लिए आवश्यक कंट्रोल रूम का निर्माण तेजी से जारी है।
इसके अलावा ई-बसों की सर्विसिंग और मरम्मत के लिए बनाए जा रहे मेंटेनेंस पिट तथा प्रशासनिक भवन के निर्माण कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने स्वीकृत बजट का समयबद्ध और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
संचालन की तैयारी भी साथ-साथ करने के निर्देश
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहरी एवं उपनगरीय मार्गों पर ई-बसों के संचालन की कार्ययोजना पहले से तैयार रखी जाए, ताकि आवश्यक विद्युत एवं अन्य अधोसंरचनात्मक कार्य पूरे होते ही बसों का संचालन शुरू किया जा सके।
समीक्षा बैठक में एसडीएम अमन मिश्रा, विद्युत विभाग की अधीक्षण यंत्री प्रभाकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, अभियंता और निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशासन का लक्ष्य है कि निर्धारित समयसीमा में सभी तैयारियां पूरी कर शहरवासियों को जल्द ही आधुनिक और प्रदूषण मुक्त सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे