बलरामपुर : कलेक्टर की पहल से महिमा के यूपीएससी सपनों को मिली नई उड़ान
बलरामपुर, 11 जून (हि.स.)। गुरुवार को जिला प्रशासन की संवेदनशील पहल ने एक प्रतिभाशाली छात्रा के सपनों को नई ताकत दी। यूपीएससी परीक्षा की तैयारी कर रही महिमा प्रजापति को कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी की पहल पर आवश्यक प्रतियोगी पुस्तकों का सेट उपलब्ध करा
कार्यक्रम की तस्वीर।


बलरामपुर, 11 जून (हि.स.)। गुरुवार को जिला प्रशासन की संवेदनशील पहल ने एक प्रतिभाशाली छात्रा के सपनों को नई ताकत दी। यूपीएससी परीक्षा की तैयारी कर रही महिमा प्रजापति को कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी की पहल पर आवश्यक प्रतियोगी पुस्तकों का सेट उपलब्ध कराया गया। आर्थिक कठिनाइयों से जूझ रही छात्रा के लिए यह सहयोग न केवल अध्ययन सामग्री का सहारा बना, बल्कि उसके सपनों को आगे बढ़ाने का संबल भी साबित हुआ।

महिमा प्रजापति वर्तमान में जिला ग्रंथालय में रहकर संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की तैयारी कर रही हैं। उनका सपना प्रशासनिक सेवा में चयनित होकर समाज और जरूरतमंद लोगों की सेवा करना है। हालांकि परिवार की सीमित आय के कारण प्रतियोगी परीक्षाओं की महंगी पुस्तकों की व्यवस्था करना उनके लिए चुनौती बना हुआ था।

महिमा ने बताया कि उनके पिता कृषि कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। आर्थिक अभाव के कारण आवश्यक अध्ययन सामग्री जुटा पाना कठिन हो रहा था, जिससे उनकी तैयारी प्रभावित होने लगी थी। ऐसे समय में जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई पुस्तकों ने उनके आत्मविश्वास को नई ऊर्जा दी है।

कलेक्टर के निर्देश पर अपर कलेक्टर आर.एन. पाण्डेय ने महिमा को यूपीएससी की तैयारी के लिए आवश्यक पुस्तकें प्रदान कीं। इस दौरान उन्होंने छात्रा का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियां कभी भी सफलता के मार्ग में स्थायी बाधा नहीं बन सकतीं। यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो सफलता अवश्य मिलती है।

पुस्तकें प्राप्त करने के बाद भावुक हुई महिमा ने कलेक्टर और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सहयोग उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है और अब वह अपने लक्ष्य की दिशा में पहले से अधिक आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकेंगी।

गौरतलब है कि कुछ समय पूर्व महिमा अपनी समस्या लेकर कलेक्ट्रेट पहुंची थीं। प्रतीक्षालय में बैठी छात्रा से चर्चा के दौरान कलेक्टर को उसकी संघर्षपूर्ण परिस्थितियों और यूपीएससी की तैयारी की जानकारी मिली थी। छात्रा की लगन और संकल्प को देखते हुए कलेक्टर ने उसे आवश्यक अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था, जिसे अब पूरा कर दिया गया है।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा कि जिला प्रशासन केवल योजनाओं के क्रियान्वयन तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंद और प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि संसाधनों के अभाव में किसी प्रतिभा का सपना अधूरा न रहे, इसके लिए प्रशासन यथासंभव सहयोग करता रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय