Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

फर्रुखाबाद, 11 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रूखाबाद जनपद में कंपिल थाना पुलिस की बुधवार देर रात चेकिंग के दौरान एक बाइक सवार संदिग्ध व्यक्ति से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में संदिग्ध के दाहिने पैर में गोली लगी है। उसे उपचार के लिए लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल बदमाश कन्नौज जनपद का निवासी बताया जा रहा है।
अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने बताया कि कंपिल थाना पुलिस बुधवार मध्य रात कटिया चौराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल से आता दिखा। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। वह नहीं रुका। बाइक तेजी से भगाने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया। इस दौरान उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोली चलाई। संदिग्ध घायल हो गया। उसके दाहिने पैर में गोली लगी है। पूछताछ में उसने अपना नाम रविदास उर्फ करिया, निवासी जनपद कन्नौज बताया है।
पुलिस के अनुसार, रविदास पूर्व में चोरी जैसी कई घटनाओं में शामिल रहा है। वह किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में था। संदिग्ध व्यक्ति के पास से एक तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। उसने बताया कि बाइक दिल्ली से चोरी की गई थी। उस पर चोरी और गैंगस्टर सहित 10 से अधिक मामले दर्ज हैं। कंपिल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar