Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

गोंडा, 11 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के करनैलगंज थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में दो सगे भाइयों समेत कुल पांच लोगों की मौत हो गई।
पुलिस का कहना है कि चार लोगों को मौत मौके पर ही हो गई थी, जबकि तीन लोग घायल हो गए थे। इनमें दो की हालत नाजुक होने पर लखनऊ रेफर किया गया, जिसमें एक की गुरुवार को मौत हो गई।
अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिम) राधेश्याम राय ने गुरुवार को बताया कि ये हादसा करनैलगंज क्षेत्र में बुधवार रात गोंडा-लखनऊ हाईवे पर नारायणपुर मोड़ के पास हुआ। तरहटा गांव निवासी संजय तिवारी रात में काम से घर लौट रहे थे। रास्ते में एक डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क किनारे गिरकर घायल हो गए। संजय की आवाज सुनकर आसपास के लोग उनकी मदद के लिए पहुंचे। कुछ लोग उन्हें सड़क पार कर सुरक्षित स्थान पर ले जाने और अस्पताल पहुंचाने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच करनैलगंज की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पर मौजूद लोगों को टक्कर मार दी। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परसपुर ले जाया गया, जहां गुलशन (25), संजय तिवारी (33), हसन मोहम्मद (40) और इम्तियाज अली (27) को मृत घोषित कर दिया गया। घायल तीन लोगों का इलाज चल रहा था। इनमें दो की हालत नाजुक होने पर लखनऊ रेफर किया गया, जहां 10 वर्षीय बच्चे अंशुमान की आज मौत हो गई। सभी मृतक करनैलगंज के निवासी थे।
अपर पुलिस अधीक्षक ने अनुसार हसन और इम्तियाज सगे भाई थे, जबकि गुलशन और अंशुमान चाचा-भतीजे थे। अन्य घायलों का इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने कार चालक आबिद और वाहन मालिक शोएब को पकड़ लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक