Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

राष्ट्रवादी कांग्रेस के स्थापना दिवस पर दिया संकेतात्मक संदेश
मुंबई, 11 जून (हि.स.)। एनसीपी नेता और महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने गुरुवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी के कामकाज में किसी का अनावश्यक हस्तक्षेप होता है, तो उस पर उचित विचार किया जाएगा। वे आज मुंबई में आयोजित एनसीपी के 27वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित कर रही थीं।
कार्यक्रम के दौरान सुनेत्रा भावुक भी नजर आईं। उन्होंने कहा कि पार्टी में समय पर हर किसी को न्याय और अवसर मिलेगा, इसकी वे गारंटी देती हैं। अब तक पार्टी में जो कुछ भी हुआ है, उसे उन्होंने समझा है और संभाला है। उन्होंने कहा कि अजित पवार ने अपने कार्यकाल में सभी कार्यकर्ताओं को समझा, सभी की समस्याओं का समाधान किया और पार्टी को मजबूत करने के लिए प्रयास किए। आगे भी वे पार्टी के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगी। यदि किसी का अनावश्यक हस्तक्षेप होगा तो उस पर निश्चित रूप से विचार किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी हित में कठोर निर्णय लेने पड़े तो वे उसके लिए भी तैयार हैं। न्याय दिलाने के लिए वे अजित पवार के कदमों पर चलकर आगे बढ़ने का प्रयास करेंगी।
कार्यक्रम में सुनेत्रा ने कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने की अपील की और कहा कि पार्टी एक परिवार की तरह है। उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज, शाहू महाराज, महात्मा फुले और डॉ. बाबासाहब आम्बेडकर की विचारधारा को आगे बढ़ाना यानी सभी को साथ लेकर चलना है। स्वतंत्रता संग्राम और संयुक्त महाराष्ट्र आंदोलन में सभी वर्गों का योगदान महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष पार्टी के स्थापना दिवस की थीम “समर्पण, संघर्ष और संकल्प” है, जिसे अजित पवार को समर्पित किया गया है। उन्होंने कहा कि अजित पवार ने पार्टी के लिए स्वयं को पूरी तरह समर्पित किया है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस के निर्माण में सैकड़ों कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। अजित पवार ने किसानों, युवाओं, महिलाओं, उद्यमियों और वंचित वर्गों के लिए लगातार काम किया है।
उन्होंने यह भी कहा कि अजित पवार का स्थान कोई नहीं ले सकता, लेकिन उनके द्वारा दिखाया गया विकास का मार्ग और आम लोगों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ही पार्टी की असली ताकत है। उनका संकल्प पार्टी को मजबूत करना और जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाना था। सीमित समय में भी अजित पवार ने पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई और आम जनता के बीच “अपना आदमी” की छवि बनाई।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुलकर्णी