Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रीवा, 11 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल क्योंटी फॉल में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में दो युवकों की जान चली गई। बाइक से पहुंचे दोनों युवक अचानक करीब 200 फीट गहरी खाई में गिर गए और नीचे चट्टानों से टकराने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
मृतकों की पहचान आयुष गौतम (19 वर्ष) पुत्र अनिल गौतम, निवासी शिगटी और संतोष पटेल (23 वर्ष) पुत्र रामा पटेल, निवासी छत्तरगढ़, थाना नईगढ़ी के रूप में हुई है। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस, जिला रेस्क्यू सेंटर (डीआरसी) और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। खाई की गहराई और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण रहा। दोनों युवक खाई में गिरने के बाद नीचे मौजूद चट्टानों पर जा गिरे थे, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
रेस्क्यू टीम को शवों तक पहुंचने के लिए खड़ी ढलानों और पथरीले रास्तों से गुजरना पड़ा। करीब तीन घंटे तक चले संयुक्त अभियान के बाद पुलिस, डीआरसी और एसडीआरएफ के जवानों ने दोनों शवों को खाई से बाहर निकाला। इसके बाद शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों और पर्यटकों की बड़ी संख्या मौके पर पहुंच गई। बचाव कार्य के दौरान पूरे क्षेत्र में लोगों की भीड़ लगी रही। स्थानीय लोगों ने भी रेस्क्यू टीम की मदद की।
एसडीआरएफ ने दी जानकारी
एसडीआरएफ प्रभारी विकास पांडेय ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम तत्काल मौके पर रवाना हुई थी। पुलिस और डीआरसी के सहयोग से संयुक्त अभियान चलाकर दोनों युवकों के शव सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए हैं। मामले की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे