Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जगदलपुर, 11 जून (हि.स.)। शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने शहर के नयापारा प्रमुख मार्ग पर अधूरे पड़े सड़क निर्माण कार्य के विरोध में आज गुरूवार काे प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने सड़क की बदहाल स्थिति के लिए भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
कांग्रेस की मांग है कि अधूरी सड़क का निर्माण कार्य तत्काल पूर्ण कराया जाए। निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। कार्य में हुई देरी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही सड़क निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया गया, तो जनहित में व्यापक जन आंदोलन किया जाएगा। इसकी समस्त जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि भाजपा सरकार विकास के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल विपरीत है। शहर की यह मुख्य सड़क महीनों से अधूरी पड़ी है। इससे प्रतिदिन हजारों नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे आश्चर्यजनक बात यह है कि इसी मार्ग से भाजपा के बड़े नेताओं का नियमित आवागमन होता है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और स्थानीय विधायक का शासकीय कार्यालय भी इसी मार्ग पर स्थित है। इस वार्ड के पार्षद भी भाजपा से हैं, फिर भी सड़क की दुर्दशा पर कोई गंभीरता नहीं दिखाई गई । इससे स्पष्ट होता है कि भाजपा सरकार को जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। सड़क निर्माण कार्य की धीमी गति और प्रशासनिक उदासीनता ने लोगों का जीवन मुश्किल बना दिया है। उन्हाेने कहा कि जगह-जगह गड्ढे, उखड़ी हुई सड़क और अधूरे निर्माण कार्य के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। जनता धूल, गंदगी और जाम की समस्या से जूझ रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि आंखें मूंदे बैठे हैं।
कांग्रेस व्यापारी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष राजेंद्र पटवा ने कहा कि अधूरी सड़क के कारण क्षेत्र के व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। सड़क से लगातार उड़ रही धूल दुकानों तक पहुंच रही है, जिससे ग्राहकों की संख्या प्रभावित हो रही है और व्यापार ठप होने की स्थिति में पहुंच गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे