Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बलरामपुर, 11 जून (हि.स.)। गुरुवार को कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी विकासखंड कुसमी के ग्राम जिगनिया स्थित सुपढाका पारा पहुंचीं, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत निर्मित आवासों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा परिवारों के घर पहुंचकर आवास निर्माण की स्थिति देखी और योजना से मिले लाभ के संबंध में जानकारी ली।
कलेक्टर ने योजना के हितग्राही ढुली एवं देवनाथ राम के आवासों का अवलोकन किया तथा परिवारजनों से बातचीत कर पक्के मकान में रहने के अनुभव साझा करने को कहा। हितग्राहियों ने बताया कि पहले वे कच्चे मकानों में रहते थे, जहां बारिश और अन्य मौसम के दौरान कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता था। पक्का आवास मिलने के बाद अब उनका परिवार सुरक्षित और बेहतर वातावरण में जीवन यापन कर रहा है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कहा कि हितग्राहियों ने शासन से प्राप्त सहायता राशि का सदुपयोग करते हुए अपने स्तर पर भी योगदान दिया है। इसी का परिणाम है कि उन्होंने मजबूत, सुव्यवस्थित और आकर्षक आवासों का निर्माण किया है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास अन्य लाभार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक हैं और यह दर्शाते हैं कि जनभागीदारी से योजनाओं का लाभ और अधिक प्रभावी बन सकता है।
कलेक्टर ने आवास निर्माण की गुणवत्ता और संरचना की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी योजना की वास्तविक सफलता तब मानी जाती है जब हितग्राही स्वयं उसकी जिम्मेदारी लेकर उसे बेहतर स्वरूप दें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना विशेष रूप से कमजोर और वंचित वर्गों को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
इस अवसर पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पात्र हितग्राहियों तक योजना का लाभ समय पर पहुंचाया जाए तथा आवास निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित न रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय