राजस्थान के प्रतिनिधिमंडल ने जाना ओडिशा का शहरी विकास मॉडल
भुवनेश्वर, 11 जून (हि.स.)। एशियन डेवलपमेंट बैंक के सहयोग से आयोजित एक एक्सपोज़र विज़िट कार्यक्रम के तहत राजस्थान अर्बन ड्रिंकिंग वाटर, सीवरेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉर्पोरेशन लिमिटेड, जयपुर का 9-सदस्यीय उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ओडिशा के शहरी विकास म
राजस्थान के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने ओडिशा के शहरी परिवर्तन मॉडल का अध्ययन किया


भुवनेश्वर, 11 जून (हि.स.)। एशियन डेवलपमेंट बैंक के सहयोग से आयोजित एक एक्सपोज़र विज़िट कार्यक्रम के तहत राजस्थान अर्बन ड्रिंकिंग वाटर, सीवरेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉर्पोरेशन लिमिटेड, जयपुर का 9-सदस्यीय उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ओडिशा के शहरी विकास मॉडल के अध्ययन के लिए भुवनेश्वर और पुरी के दौरे पर पहुंचा।

इस दौरे का उद्देश्य ओडिशा में जल आपूर्ति, स्वच्छता, शहरी शासन व्यवस्था तथा नागरिक सेवाओं की डिलीवरी में अपनाए जा रहे सफल और नवाचारपूर्ण मॉडलों का अध्ययन करना था।

प्रतिनिधिमंडल ने दोनों शहरों में विभिन्न प्रमुख शहरी अवसंरचना परियोजनाओं का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। साथ ही, उन्होंने भुवनेश्वर महानगर निगम के अधिकारियों के साथ संवाद कर राज्य की शहरी प्रशासन प्रणाली, स्वच्छता प्रबंधन, सेवा वितरण तंत्र और नागरिक-केंद्रित पहलों की जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम के दौरान ओडिशा अर्बन एकेडमी में एक विशेष संवाद सत्र आयोजित किया गया, जिसमें आवास एवं शहरी विकास विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव उषा पाढ़ी ने ओडिशा के शहरी परिवर्तन की यात्रा पर विस्तृत प्रस्तुति दी।

उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में ओडिशा ने शहरी विकास के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर एक विशिष्ट पहचान बनाई है। विशेष रूप से “ड्रिंक फ्रॉम टैप” मिशन के तहत 24×7 सुरक्षित पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को देश के लिए एक अनुकरणीय मॉडल के रूप में स्थापित किया गया है। इसके अलावा उन्होंने स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन, एकीकृत शहरी नियोजन, आधुनिक सार्वजनिक परिवहन, तकनीक-आधारित शासन और सतत शहरी अवसंरचना विकास में राज्य की उपलब्धियों को रेखांकित किया।

राजस्थान प्रतिनिधिमंडल ने ओडिशा की शहरी सेवा वितरण प्रणाली, नवाचारों और प्रभावी कार्यान्वयन की सराहना की तथा कई सफल मॉडलों को राजस्थान में अपनाने की इच्छा व्यक्त की। प्रतिनिधियों ने कहा कि यह दौरा ज्ञान-विनिमय, आपसी सीख और अंतर-राज्यीय सहयोग को मजबूत करने में अत्यंत उपयोगी साबित होगा।

इस अवसर पर ओडिशा अर्बन एकेडमी के निदेशक एवं अतिरिक्त सचिव (एचयूएंडडी विभाग) सुबेन्दु कुमार साहू सहित आवास एवं शहरी विकास विभाग तथा ओडिशा अर्बन एकेडमी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

प्रतिनिधिमंडल में मोहल लाल सैनी (अतिरिक्त मुख्य अभियंता, जयपुर जोन), मुकेश कुमार मीणा और खेमराज मीणा (अधीक्षण अभियंता, पीएमयू जयपुर), सत्यनारायण वर्मा (कार्यकारी अभियंता, नाथद्वारा), अमित वर्मा (कार्यकारी अभियंता, पीएमयू जयपुर), अनिल पाटीदार (सहायक अभियंता, डूंगरपुर), अशोक कुमार बंसीवाल (सहायक अभियंता, बांसवाड़ा), संजू पूनिया (कनिष्ठ अभियंता, नवलगढ़) तथा कुश कुमार (कनिष्ठ अभियंता, जोधपुर) शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो