Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

खंडवा, 11 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में ओंकारेश्वर के कोठी हेलीपैड क्षेत्र स्थित नहर में नहाने के दौरान तीन मजदूरों की गहरे पानी डूबने से मौत हो गई है। पुलिस ने गुरुवार को तीनों के शव बरामद कर लिए हैं और पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार को ओंकारेश्वर-मोरटक्का निर्माणाधीन सड़क परियोजना में कार्यरत डंपर चालक रामचरण निवासी खेरदा जिला खरगोन ने मांधाना थाने में सूचना दी कि उनके साथी कर्मचारी सुनील साहू, भगवानदास साहू और अनिकेत यादव बुधवार की शाम को कोठी नहर में स्नान करने गए थे। गुरुवार को जब तीनों श्रमिक कैंप में नहीं लौटे, तो सहकर्मियों ने उनकी तलाश शुरू की। नहर किनारे पहुंचने पर तीनों के कपड़े और अन्य सामान मिले, जिससे उनके डूबने की आशंका जताई गई।
सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और बचाव दल ने तत्काल तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान सुनील साहू (20 वर्ष), निवासी सीधी, और अनिकेत यादव (लगभग 25 वर्ष), निवासी गोपालगंज, बिहार के शव घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर बरामद किए गए थे। बरामद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, शाम करीब 5 बजे के करीब भगवानदास साहू का भी शव घटना स्थल से 300 मीटर की दूरी पर मिल गया। तीनों मजदूर ओंकारेश्वर-मोरटक्का निर्माणाधीन सड़क परियोजना में कार्यरत थे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर