Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

भोपाल, 11 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर के विकास को एक नई दिशा देने और आमजन को मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने के संकल्प के साथ ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने गुरुवार को करीब 3 करोड़ 93 लाख रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन किया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, पूर्व जिला अध्यक्ष कमल माखीजानी सहित अरूण वाजपेयी, कृष्ण राव दीक्षित, राजेन्द्र शर्मा, पार्षद विवेक सोनू त्रिपाठी एवं बडी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
गांधी नगर पार्क में आयोजित कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री तोमर ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर और सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। आज जिन विकास कार्यों की शुरुआत हुई है, उनमें सड़कों का निर्माण, नाली एवं सीवर व्यवस्था में सुधार और क्षेत्रीय सौंदर्यीकरण शामिल हैं। इन कार्यों के पूरा होने से स्थानीय नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके साथ ही उन्होंने मंच से अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ और निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और वे स्वयं इन कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करेंगे।
मंत्री तोमर ने कहा कि उपनगर ग्वालियर में शिक्षा के क्षेत्र में अतुलनीय कार्य किया गया है। सीएम राइज स्कूल, पीएश्री स्कूल, स्मार्ट स्कूल आदि बनने से गरीब परिवारों के बच्चे भी अच्छे विद्यालय में पढ सकेंगे। साथ ही कहा कि एलिवेटेड रोड बनने से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में सुधार आयेगा। उन्होंने आमजन से अनुरोध करते हुए कहा कि इस बार हमें अपने शहर को स्वच्छता में अव्वल स्थान पर लाना है। इसके लिए स्वच्छता में सभी का सहयोग जरूरी हैं, जिस प्रकार हम अपने घर को साफ व स्वच्छ रखते हैं, उसी प्रकार अपनी गली, मोहल्ला एवं शहर को भी साफ व स्वच्छ बनायें।
ऊर्जा मंत्री तोमर ने गुरुवार को वार्ड 32 स्थित गांधी नगर पार्क में आयोजित कार्यक्रम में 01 करोड 98 लाख की लागत से निर्मित होने वाली नवीन सीवर लाईन संधारण कार्य का भूमिपूजन किया। इसी क्रम में 60 लाख 14 हजार की लागत से गांधी नगर सड़क डामरीकरण कार्य, 81 लाख 12 हजार की लागत से गांधीनगर की विभिन्न गलियों में डामरीकरण कार्य, 3 लाख 82 हजार की लागत से गांधी नगर में के ब्लॉक में नाली निर्माण कार्य का भूमिपूजन, 13 लाख 16 हजार की लागत से वार्ड 32 के समस्त पार्कों में नवीन उपकरणों की स्थापना का भूमिपूजन, 12 लाख 56 हजार की लागत से सार्वजनिक सुलभ कॉम्प्लेक्स की मरम्मत कार्य का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही वार्ड नं. 3 बहोड़ापुर पुलिस थाने के निकट 23 लाख 60 हजार की लागत से शहीद सरमन सिंह पार्क के सौन्दर्यीकरण कार्य का भूमिपजन किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर