Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पश्चिमी सिंहभूम, 11 जून (हि.स.)। जिले के बंदगांव प्रखंड के बाजार टांड़ बस स्टैंड परिसर में गुरुवार को स्थानीय किसानों और महिला स्वयं सहायता समूहों को बाजार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई।
झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) के सहयोग से आम बिक्री स्टॉल का विधिवत शुभारंभ गुरुवार को किया गया, जहां क्षेत्र में उत्पादित विभिन्न किस्मों के आमों की बिक्री की जाएगी। स्टॉल का उद्घाटन जिला परिषद सदस्य जोसफिन हंमसाय, प्रखंड विकास पदाधिकारी भीष्म कुमार और बंदगांव पंचायत के मुखिया ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बंदगांव के चिकित्सा प्रभारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मी, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक, जेएसएलपीएस के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिला समूहों की सदस्य उपस्थित रहीं। इस पहल का संचालन बंदगांव किसान आजीविका महिला संकूल संगठन की ओर से किया जा रहा है।
कार्यक्रम में बताया गया कि यह प्रयास बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत लगाए गए फलदार पौधों से प्राप्त उत्पादों के बेहतर बिक्री कोो सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। इससे स्थानीय किसानों, विशेषकर महिला किसानों को अपने उत्पादों की उचित कीमत मिलेगी और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
स्टॉल पर आम्रपाली, लंगड़ा, हिमसागर, बॉम्बे ग्रीन, गुलाब खास और अल्फांसो जैसी लोकप्रिय किस्मों के ताजे और गुणवत्तापूर्ण आम उपलब्ध कराए गए हैं। उद्घाटन के बाद अतिथियों ने स्टॉल का निरीक्षण किया और महिला समूहों की ओर से किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के साथ-साथ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में भी अहम भूमिका निभाएगी। साथ ही बिक्री व्यवस्था को और प्रभावी बनाने और किसानों को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक