Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पूर्वी सिंहभूम, 11 जून (हि.स.)। विधायक सरयू राय ने गुरुवार को पूर्वी सिंहभूम वन प्रमंडल के प्रभागीय वन पदाधिकारी (डीएफओ) सबा आलम अंसारी से बातचीत कर मानगो क्षेत्र की लंबित सड़क और फ्लाईओवर परियोजनाओं की स्थिति की जानकारी ली।
बातचीत के दौरान डीएफओ ने स्पष्ट किया कि वन विभाग आवश्यक भूमि हस्तांतरण के लिए तैयार है, लेकिन मानगो नगर निगम की ओर से अब तक परिवेश पोर्टल पर विधिवत आवेदन प्रस्तुत नहीं किया गया है।
डीएफओ ने बताया कि पायल सिनेमा के सामने सड़क चौड़ीकरण से संबंधित प्रस्ताव के लिए वन विभाग की ओर से नगर निगम को दो बार आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के लिए स्मरण कराया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक आवश्यक आवेदन नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि इसी कारण परियोजना में विलंब हो रहा है और जनता को होने वाली असुविधा के लिए मानगो नगर निगम की कार्यशैली जिम्मेदार है।
इस संबंध में सरयू राय ने कहा कि वन विभाग से आवश्यक स्वीकृतियां पहले ही मिल चुकी हैं। डीएफओ ने उन्हें बताया कि परियोजना को वन विभाग की मंजूरी प्राप्त है और वन्यजीव बोर्ड की अनुमति भी मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि संभवतः इसी जानकारी के अभाव में केंद्रीय राज्यमंत्री सतीश चंद्र दुबे ने हाल ही में आयोजित सभा में कहा था कि वनभूमि हस्तांतरण होने के बाद ही ऊपरी पथ का निर्माण तेजी से आगे बढ़ सकेगा।
सरयू राय ने कहा कि जब वन विभाग की ओर से आवश्यक अनुमति मिल चुकी है, तब केंद्र और राज्य सरकार के संबंधित विभागों को पहल कर निर्माण कार्य को आगे बढ़ाना चाहिए। उन्होंने मानगो नगर निगम से भी आग्रह किया कि वह बिना देरी किए परिवेश पोर्टल पर आवेदन अपलोड कर प्रक्रिया पूरी करे।
उल्लेखनीय है कि वनभूमि हस्तांतरण नहीं होने की चर्चा के कारण मानगो क्षेत्र की दो महत्वपूर्ण परियोजनाएं प्रभावित बताई जा रही थीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक