मुख्यमंत्री चिकित्सा अनुदान योजना शिविर के लिए 15 मरीजों का चयन
पलामू, 11 जून (हि.स.)। झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री चिकित्सा अनुदान योजना के तहत गुरुवार को हरिहरगंज प्रखंड सभागार में विशेष स्वास्थ्य और सहायता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न गंभीर और असाध्य बीमारियों से पीड़ित मरीजों की स
मरीज का चयन करते चिकित्सक, बीडीओ एवं अन्य


पलामू, 11 जून (हि.स.)। झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री चिकित्सा अनुदान योजना के तहत गुरुवार को हरिहरगंज प्रखंड सभागार में विशेष स्वास्थ्य और सहायता शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में विभिन्न गंभीर और असाध्य बीमारियों से पीड़ित मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें योजना का लाभ दिलाने की प्रक्रिया पूरी की गई।

प्रखंड कल्याण पदाधिकारी अजीत कुमार की उपस्थिति और चिकित्सक डॉ अरविंद कुमार के नेतृत्व में आयोजित शिविर में कुल 15 मरीजों को योजना के लिए चिन्हित किया गया। चयनित लाभुकों को उनकी बीमारी के अनुरूप उपचार के लिए सरकार की ओर से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

इस अवसर पर प्रखंड कल्याण पदाधिकारी अजीत कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री चिकित्सा अनुदान योजना का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और गंभीर रोगों से पीड़ित मरीजों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराना है। योजना के माध्यम से मरीजों को इलाज के लिए वित्तीय सहायता की जाती है, जिससे महंगे उपचार का आर्थिक बोझ कम होता है और जरूरतमंद परिवारों को राहत मिलती है।

शिविर के दौरान मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी दिया गया। साथ ही योजना के लिए आवश्यक दस्तावेजों, आवेदन प्रक्रिया और पात्रता संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई गई।

अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि गंभीर बीमारी से पीड़ित जरूरतमंद व्यक्ति योजना का लाभ लेने के लिए प्रखंड कार्यालय या संबंधित विभाग से संपर्क करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार