Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पूर्वी सिंहभूम, 11 जून (हि.स.)। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धातकीडीह तालाब के समीप गुरुवार दोपहर खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने वाले 70 वर्षीय अब्दुल सत्तार खान की इलाज के दौरान मौत हो गई। गंभीर रूप से झुलसे अब्दुल सत्तार खान को घटना के तुरंत बाद एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
स्थानीय लाेगाें के अनुसार कपाली के गौसनगर निवासी अब्दुल सत्तार खान ने गुरुवार दोपहर धातकीडीह तालाब के पास स्वयं पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली थी। आग लगने से वह लगभग 100 प्रतिशत तक झुलस गए थे। स्थानीय लोगों की सूचना पर उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई थी।
अस्पताल में चिकित्सकों की टीम लगातार उनका उपचार कर रही थी, लेकिन शरीर का अधिकांश हिस्सा जल जाने के कारण उनकी स्थिति में सुधार नहीं हो सका। इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
परिजनों ने बताया कि अब्दुल सत्तार खान लंबे समय से अस्थमा की बीमारी से जूझ रहे थे। उनकी पत्नी का पहले ही निधन हो चुका था और वह अपनी बेटी के साथ रह रहे थे। परिवार के सदस्यों के अनुसार पिछले कुछ समय से उनकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी, जिसके कारण वह काफी परेशान रहते थे।
घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल में जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक