लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध होना जरूरी : उपायुक्त
खूंटी, 11 जून (हि.स.)। मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के संचालन को लेकर गुरुवार को समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मो जावेद हुसैन की अध्यक्षता में बैठक-सह-कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में जिले के बीएलओ
बैठक


खूंटी, 11 जून (हि.स.)। मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के संचालन को लेकर गुरुवार को समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मो जावेद हुसैन की अध्यक्षता में बैठक-सह-कार्यशाला आयोजित की गई।

कार्यशाला में जिले के बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजरों को पुनरीक्षण कार्य से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया।

उपायुक्त मो जावेद हुसैन ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी बीएलओ सुपरवाइजरों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ करने का निर्देश दिया।

बैठक के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के विभिन्न चरणों, निर्धारित कार्यों और प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही योग्य मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने, त्रुटियों के सुधार, मतदाताओं की मैपिंग और अन्य आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने पर बल दिया गया।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत मैपिंग सुनिश्चित करते हुए सभी गतिविधियों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया जाए, ताकि जिले की मतदाता सूची अधिकाधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाई जा सके।

कार्यशाला में उप निर्वाचन पदाधिकारी सुषमा लकड़ा, मास्टर ट्रेनर-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी तोरपा नवीन चंद्र झा सहित संबंधित पदाधिकारी और बीएलओ सुपरवाइजर उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा