Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

खूंटी, 11 जून (हि.स.)। भारत सरकार के निर्देश पर 05 जून से 12 जून तक मनाए जा रहे पर्यावरण सप्ताह के अंतर्गत नगर पंचायत खूंटी की ओर से स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में गुरुवार को शहर के मुख्य मार्ग पर स्थित साहू तालाब परिसर में सार्वजनिक सफाई अभियान का आयोजन किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और 4-वे सेग्रीगेशन के प्रति लोगों को जागरूक करना है।
कार्यपालक पदाधिकारी सृष्टि दीप्रिया मिंज के निर्देश पर आयोजित इस अभियान में नगर पंचायत अध्यक्ष रानी टूटी ने श्रमदान कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उनके साथ वार्ड पार्षद दिनेश कुमार महतो, अनूप कुमार साहू, विनय नायक, मो खालिद हुसैन सहित अन्य निर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया।
नगर पंचायत कार्यालय की ओर से नगर प्रबंधक मोनिस सलाम के नेतृत्व में संजय कुमार, लिपिक, सुपरवाइजर जुबैदा खातून, सहित बड़ी संख्या में सफाईकर्मियों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
नगर पंचायत प्रशासन ने बताया कि पर्यावरण सप्ताह के दौरान अब तक विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। बेलाहाथी रोड स्थित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्लांट में सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण की प्रक्रिया और 4-वे सेग्रीगेशन की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके अलावा पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
इसी कड़ी में तजना नदी स्थित मुक्ति धाम में सामूहिक सफाई और पौधारोपण अभियान चलाया गया, जबकि बड़ाईक टोली और सेनिटेशन पार्क में भी स्वच्छता अभियान आयोजित कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
वहीं मौके पर नगर पंचायत ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे कचरे के पृथक्करण की आदत अपनाते हुए स्वच्छ और हरित वातावरण के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा