Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जबलपुर, 11 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, बलवा, अवैध वसूली, आर्म्स एक्ट, घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ सहित 31 संगीन अपराधों में फरार चल रहे कुख्यात बदमाश सुयश उर्फ छोटू चौबे को मदनमहल पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से एक पिस्टल, छह जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
मदनमहल थाना प्रभारी धीरज राज ने बताया कि गुरुवार को क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि विभिन्न थानों में दर्ज मामलों में फरार चल रहा छोटू उर्फ सुयश चौबे अवैध हथियार के साथ थाना क्षेत्र के स्नेह नगर स्थित एक किराये के मकान में मौजूद है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिसके बाद उनके निर्देश पर कार्रवाई की योजना बनाई गई।
थाना प्रभारी घमापुर उपनिरीक्षक दिनेश गौतम के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच और मदनमहल पुलिस की संयुक्त टीम ने स्नेह नगर स्थित मकान पर दबिश दी। पुलिस को मौके पर सुयश चौबे मिला, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कमरे में रखी टेबल की दराज में पिस्टल छिपाकर रखने की जानकारी दी।
आरोपी की निशानदेही पर तलाशी लेने पर टेबल की दराज से एक पिस्टल बरामद हुई। जांच में पिस्टल की मैगजीन में छह जिंदा कारतूस लोड पाए गए। इसके अलावा आरोपी के पास से एक आईफोन सहित दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य मामलों में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक