डेबरा में तृणमूल उपप्रधान चंदन बेरा गिरफ्तार, अदालत ने पांच दिनों की पुलिस हिरासत में भेजा
मेदिनीपुर, 11 जून (हि.स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के डेबरा ब्लॉक अंतर्गत सत्यपुर ग्राम पंचायत के उपप्रधान चंदन बेरा को पुलिस ने भ्रष्टाचार के आरोपों में गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार को उन्हें गिरफ्तारी के बाद मेदिनीपुर जिला अदालत में पेश किया गया, ज
सांकेतिक छवि हथकड़ी


मेदिनीपुर, 11 जून (हि.स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के डेबरा ब्लॉक अंतर्गत सत्यपुर ग्राम पंचायत के उपप्रधान चंदन बेरा को पुलिस ने भ्रष्टाचार के आरोपों में गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार को उन्हें गिरफ्तारी के बाद मेदिनीपुर जिला अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने पांच दिनों की पुलिस हिरासत का आदेश दिया।

जानकारी के अनुसार, डेबरा के आलोक केंद्र इलाके में हाल ही में भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर स्थानीय लोगों का विरोध प्रदर्शन हुआ था। आरोप है कि इसी मामले की जांच के दौरान पुलिस ने चंदन बेरा को गिरफ्तार किया।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, ग्रामीणों ने उपप्रधान पर विभिन्न अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। विरोध प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके घर के बाहर एकत्र हुए और घेराव किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।

ग्रामीणों ने उपप्रधान के घर में सरकारी सामान जमा होने का आरोप लगाया। इसके बाद पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया, जिसमें बड़ी संख्या में सरकारी बाल्टियां बरामद होने की बात सामने आई है। इस घटना के बाद ग्रामीणों का आक्रोश और बढ़ गया तथा उन्होंने उपप्रधान की गिरफ्तारी की मांग की।

विरोध प्रदर्शन के दौरान उपप्रधान के दो वाहनों में तोड़फोड़ भी की गई। पुलिस जब उन्हें सुरक्षा कारणों से वहां से निकालकर थाने ले जा रही थी, तब कुछ प्रदर्शनकारियों ने उन पर अंडे फेंके और मारपीट करने का भी प्रयास किया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर उन्हें सुरक्षित थाने पहुंचाया।

पुलिस ने बताया कि हिरासत के दौरान चंदन बेरा से पूछताछ कर मामले से जुड़े आरोपों और अन्य तथ्यों की जांच की जाएगी। घटना के बाद इलाके में राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता