Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

अलीपुरद्वार, 11 जून (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के बक्सा टाइगर रिजर्व के समीप शिल्टोंग रावा इलाके में वन विभाग की लकड़ी तस्करी विरोधी कार्रवाई के दौरान स्थानीय ग्रामीणों, खासकर महिलाओं ने टीम का घेराव कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
वन विभाग के अनुसार, मिली सूचना के आधार पर साउथ रायडाक रेंज के रेंज अधिकारी प्रभात कुमार बर्मन और कामाख्यागुड़ी मोबाइल रेंज के अधिकारी राजकुमार सा के नेतृत्व में गुरुवार को एक विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान इलाके से अवैध रूप से जमा की गई लकड़ियां बरामद की गई। जब वनकर्मी जब्त लकड़ियों को अपने कब्जे में लेकर लौट रहे थे, तभी स्थानीय महिलाओं के एक समूह ने उनका रास्ता रोक लिया और विरोध जताया।
महिलाओं का कहना था कि यह लकड़ी उन्होंने अपने घरों की मरम्मत और दैनिक जरूरतों के लिए जुटाई है, इसलिए इसे जब्त नहीं किया जाना चाहिए।
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि जंगल से सटे इलाकों में हाथियों के हमले से उनकी फसलें बर्बाद हो जाती है, जिससे आजीविका का संकट गहरा गया है। ऐसे में मजबूरी में उन्हें जंगल से लकड़ी और ईंधन इकट्ठा करना पड़ता है। उन्होंने मांग की कि वैकल्पिक रोजगार की व्यवस्था किए बिना इस तरह की कार्रवाई बंद की जाए।
वन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जंगल और वन्यजीवों की सुरक्षा उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है और यह कार्रवाई पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई है। काफी देर तक चले तनाव के बाद वनकर्मियों ने बातचीत और संयम के जरिए स्थिति को नियंत्रित किया। अंततः जब्त की गई लकड़ियों को साउथ रायडाक रेंज कार्यालय लाया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार