Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


धार, 11 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की मासिक जिला कामकाजी बैठक गुरुवार को धार जिला कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा करने के साथ-साथ पूर्व में संपन्न कार्यक्रमों की समीक्षा भी की गई। इस दौरान पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं संभाग प्रभारी रणवीर सिंह रावत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद सावित्री ठाकुर, भाजपा जिला अध्यक्ष निलेश भारती तथा विधायक नीना वर्मा सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसान हित, युवाओं के लिए अवसर और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार जैसे क्षेत्रों में केंद्र सरकार ने व्यापक कार्य किए हैं। इसी का परिणाम है कि आज भारत वैश्विक स्तर पर एक सशक्त और प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है।
संभाग प्रभारी रणवीर सिंह रावत ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता और मजबूत बूथ संगठन हैं। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं की बदौलत ही पार्टी लगातार सफलता प्राप्त कर रही है। रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का 12 वर्षों का कार्यकाल सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहा है, जिसमें देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं और विश्व मंच पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए बूथ स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाएं।
बैठक के दौरान सभी मंडल अध्यक्षों, मंडल प्रभारियों, विभिन्न कार्यक्रमों के संयोजकों, सह-संयोजकों और टोली प्रमुखों से सीधा संवाद किया गया। संगठन द्वारा संचालित अभियानों, बूथ एवं शक्ति केंद्र स्तर पर किए गए कार्यों तथा ‘मन की बात’ कार्यक्रम सहित विभिन्न गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा भी की गई। बैठक में आगामी कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
हिन्दुस्थान समाचार / Gyanendra Tripathi