Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जगदलपुर, 11 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल द्वारा बस्तर संभाग के परीक्षार्थियों के लिए गुरुवार 11 जून को प्री-बीएड और बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षाओं का आयोजन अत्यंत कड़े सुरक्षा प्रबंधों और सख्त नियमों के बीच सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।
स्थानीय स्तर पर की गई व्यापक तैयारियों के साथ परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 12ः15 बजे तक निर्धारित किया गया था, जिसके लिए जगदलपुर में कुल 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इस बार प्री-बीएड की परीक्षा के लिए 9 केंद्र तय किए गए थे, इन 9 केंद्रों पर पंजीकृत कुल 2,938 परीक्षार्थियों में से 2,219 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 719 अनुपस्थित पाए गए। वहीं दूसरी ओर बीएससी नर्सिंग की परीक्षा शेष 4 केंद्रों पर आयोजित की गई, जिनमें शहीद गुण्डाधूर कृषि कॉलेज कुम्हरावण्ड, धरमु माहरा शासकीय महिला पॉलिटेक्निक धरमपुरा, शासकीय हायर सेकण्डरी स्कूल पथरागुड़ा और शासकीय हायर सेकण्डरी स्कूल आसना को केंद्र बनाया गया था। नर्सिंग परीक्षा के लिए कुल 1,040 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 725 अभ्यर्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और 315 अनुपस्थित रहे। इस प्रकार दोनों परीक्षाओं को मिलाकर बस्तर जिले में कुल 2,944 परीक्षार्थी शामिल हुए।
इस पूरी परीक्षा के सुचारू और सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई थी। डिप्टी कलेक्टर मनीष कुमार वर्मा ने परीक्षा के नोडल अधिकारी, शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल श्रीवास्तव समन्वयक और सहायक प्राध्यापक डॉ. अजय सिंह ठाकुर को सहायक समन्वयक का दायित्व सौंपा गया था।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे