Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हल्द्वानी , 11 जून (हि.स.)। जिला स्तरीय समिति द्वारा अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय की अध्यक्षता में समिति की सदस्योन ने मिशन वात्सल्य योजनान्तर्गत संचालित स्वैच्छिक संस्था धरोहर खुला बाल आश्रय गृह लालडांठ हल्द्वानी नैनीताल का निरीक्षण किया।
कूड़ा बीनने व भिक्षावृति में लिप्त बालकों की शिक्षा, भरण-पोषण कर समाज की मुख्य धारा से जोड़ा जाता है।निरीक्षण के दौरान समिति के द्वारा संस्था की सुविधाओं का अवलोकन किया गया जिसमें पंजीकृत 32 बच्चों में से 12 बच्चें उपस्थित पाए गए।अपर जिलाधिकारी द्वारा सभी बच्चों से बातचीत की गई।
जिसके क्रम में संस्था समन्वयक व बाल रोग विशेषज्ञ व मानसिक रोग विशेषज्ञ को निर्देश दिये कि बच्चों का समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण किया जाय एवं किसी बच्चे को गम्भीर बिमारी होने पर उसे राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम से जोड़कर उनका निःशुल्क ईलाज किया जाये। साथ ही संस्था समन्वयक को यह भी निर्देश दिये गये कि बालक एवम् बालिका के रात्रि निवास करने की दशा में अलग-अलग कक्ष में व्यवस्था की जाए एवम् बालिकाओं के साथ महिला कार्मिक अनिवार्यतः उपस्थित रहे।
भोजन की गुणवत्ता उच्च स्तर की रखी जाये। वेंटीलेशन उचित स्थिति में हो। रसोई में भोजन बनाते समय जालीदार खिड़की खुली रखी जाये। यह भी निर्देशित किया गया कि जो बच्चे उम्र में बढ़े हैं, उन्हें नियमित शिक्षा दिलाये जाने के लिए विद्यालय में प्रवेश दिलाये जाने हेतु नियमानुसार कार्यवाही की जाये। निरीक्षण के दौरान बच्चों द्वारा कविताएं आदि सुनायी गयी।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों के खेल-खेल में सीखने एवं मनोरंजन हेतु विभिन्न प्रकार के खेल उपकरणों की व्यवस्था की जाए।
निरीक्षण के दौरान जिला बाल संरक्षण अधिकारी वर्षा, विनीता पाठक, डा महेश चन्द्र जोशी, डा हिमांशु काण्डपाल, गायत्री दरम्वाल, हेमा कबडवाल के अलावा समन्वयक प्रकाश पाण्डे, पुष्पा पाण्डे, सामाजिक कार्यकर्ता, लक्ष्मी बिष्ट, तृप्ता कनूप्रिया आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता