Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

-मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल से रेवना में तैयार हुआ आधुनिक ग्रामीण स्टेडियम
-8.54 करोड़ की लागत से रेवना में खेल सुविधाओं का हुआ विस्तार
-मल्टीपरपज हॉल, ओपन जिम और रनिंग ट्रैक से खिलाड़ियों को मिलेगी नई पहचान
-ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
-उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड ने कराया निर्माण कार्य
अयोध्या, 11 जून (हि.स.)। जिले के मिल्कीपुर तहसील अंतर्गत हैरिंगटनगंज विकास खंड के रेवना गांव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूरदर्शी पहल से एक आधुनिक ग्रामीण स्टेडियम का निर्माण पूरा हो गया है। इस स्टेडियम के पूरा होने से ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं का खेल का सपना साकार होगा।
8.54 करोड़ की लागत से विकसित हुए इस अत्याधुनिक ग्रामीण स्टेडियम परिसर में मल्टीपरपज हॉल, बाउंड्रीवाल, बोरिंग, गार्ड रूम, पंप हाउस, सीसी रोड, ओपन जिम और रनिंग ट्रैक जैसी आधुनिक खेल सुविधाएं विकसित की गई है। उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड द्वारा संचालित इस परियोजना का कार्य 2 दिसंबर 2024 को शुरू हुआ था। यहां मल्टीपरपज हॉल, बाउंड्रीवाल, बोरिंग, गार्ड रूम व पंप हाउस तैयार हो चुका है। सीसी रोड, ओपन जिम एवं रनिंग ट्रैक का कार्य भी हो चुका है। ग्रामीण परिवेश में अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से युक्त यह स्टेडियम स्थानीय युवाओं को खेल के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया जा रहा है। रेवना ग्रामीण स्टेडियम इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यहां स्थानीय प्रतिभाओं को प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धा का बेहतर मंच मिलेगा, जिससे वे जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता दिखा सकेंगे।
स्थानीय निवासियों में उत्साह
ग्राम पंचायत रेवना के निवासियों में इस परियोजना को लेकर भारी उत्साह है। युवा पीढ़ी अब खेल के माध्यम से स्वस्थ और अनुशासित जीवन जीने की ओर अग्रसर हो सकेगी। स्टेडियम से न केवल स्थानीय युवा बल्कि आसपास के गांवों के खिलाड़ी भी लाभान्वित होंगे।
युवा सशक्तीकरण की दिशा में एक मिसाल
उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड के सहायक अभियंता संजय सिंह ने बताया कि यह परियोजना ग्रामीण विकास और युवा सशक्तीकरण की दिशा में एक मिसाल साबित होगी। मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप अयोध्या को खेल सुविधाओं से समृद्ध बनाने की दिशा में यह एक बड़ा उपलब्धि होगा। निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। अब सिर्फ हैंडओवर की तैयारी चल रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय