रीडगंज चौराहे पर सफाई के लिए बनेगा चैंबर, महापौर ने दिए निर्देश
अयोध्या, 11 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद अयोध्या में महापौर गिरीशपति त्रिपाठी ने गुरुवार को शहर की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। रामनगरी को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए अयोध्या नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि रीडग
नगर निगम नाला निरीक्षण


अयोध्या, 11 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद अयोध्या में महापौर गिरीशपति त्रिपाठी ने गुरुवार को शहर की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। रामनगरी को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए अयोध्या नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि रीडगंज चौराहे पर सफाई के लिए चैंबर का निर्माण होगा और नाला की सफाई कराकर मरम्मत कराई जाएगी। उनके साथ नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार एवं अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

चौक लाइट गेट से सुबह सवा सात बजे निरीक्षण अभियान की शुरुआत हुई। विकास प्राधिकरण के पुराने कार्यालय के सामने नाला की सफाई संतोषजनक नहीं पाई गई। महापौर के साथ चल रहे पूर्व उपसभापति राजेश गौड़ ने मंगल पांडे वार्ड के इस नाले को सफाई अभियान में न शामिल किए जाने पर आपत्ति जताई। महापौर रीडगंज चौराहे पर पहुंचे तो वहां नाला में पानी का बहाव बंद था। नाला भी क्षतिग्रस्त नजर आया। महापौर ने नाला की मरम्मत कराने और उस पर पत्थर रखवाने तथा चौराहे पर सफाई के लिए चैंबर बनाने का निर्देश दिया। यहां भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष आलोक द्विवेदी ने अशोक वृक्ष के पास चबूतरा बनाने का सुझाव दिया। इस पर महापौर ने चबूतरा बनाने का भरोसा दिया।

यहां से साकेत प्रिंटिंग प्रेस होते हुए महापौर राठहवेली की ओर बढ़े तो नगर आयुक्त ने रामपथ पर वाटर कियाक्स की जांच की। सही पाए जाने पर उन्होंने संतोष जताया। राठहवेली की गली में लोगों की मांग पर नीम के पेड़ की छंटाई कराने का निर्देश दिया। उन्होंने वीर अब्दुल हमीद वार्ड के नाले का निरीक्षण किया। कई जगह नाले पर अतिक्रमण पाए जाने पर उन्होंने मलवा हटाने, टूटी पटिया बदलने और नगर निगम की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों से नोटिस जारी कर जुर्माना वसूलने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अन्य क्षेत्रों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय