Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नैनीताल, 11 जून (हि.स.)। नैनीताल जनपद की आशा कार्यकत्रियों ने मुख्य चिकित्साधिकारी को ज्ञापन देकर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) सर्वे तथा पल्स पोलियो अभियान में ड्यूटी संबंधी समस्याओं को उठाया है।
आशा कार्यकत्रियों ने कहा कि एसआईआर सर्वे के लिए उनकी ड्यूटी बिना पूर्व सूचना और प्रशिक्षण के लगायी जा रही है, जबकि वे पहले से स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत महत्वपूर्ण कार्यों में संलग्न हैं।
ज्ञापन में कहा गया है कि बीएलओ के साथ एसआईआर सर्वे में लगाए जाने पर आशा कार्यकत्रियों को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि अथवा मानदेय की भी कोई जानकारी नहीं दी गयी है। उन्होंने मांग की है कि यदि एसआईआर सर्वे में उनकी ड्यूटी लगायी जाती है तो पहले पर्याप्त प्रशिक्षण दिया जाये तथा उचित मानदेय सुनिश्चित किया जाये। अन्यथा वह यह दायित्व निभाने में असमर्थ हैं।
एक अन्य ज्ञापन में आशा कार्यकत्रियों ने पल्स पोलियो अभियान में मिलने वाले पारिश्रमिक पर भी आपत्ति दर्ज की है। उन्होंने कहा कि पूर्व में अभियान के दौरान प्रति दिवस 100 रुपये दिए जाते थे, जिसे घटाकर 75 रुपये कर दिया गया है। आशा कार्यकत्रियों ने मांग की है कि पूर्व की भांति पारिश्रमिक दिया जाये। अन्यथा 28 जून से प्रारम्भ होने वाले पल्स पोलियो अभियान में सहयोग नहीं करने का निर्णय लिया गया है।
ज्ञापन पर प्रदेश अध्यक्ष कमला कुंजवाल सहित रमा गैड़ा, अल्का खाती, दुर्गा टम्टा, भगवती शर्मा, सरिता कुरिया, इन्दु बाला, रिमी राणा, देवकी रौतेला, हेमा जोशी, मधु दरम्वाल, नीरू पुजारी, निर्मला चंदा, प्रेमा अधिकारी तथा अन्य आशा कार्यकत्रियों के हस्ताक्षर हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी