डीआरडीओ ने दिल्ली में सीबीआरएन फील्ड ट्रेनिंग और प्रदर्शन केंद्र खोला
नई दिल्ली, 06 मई (हि.स.)। रेडियोलॉजिकल और परमाणु आपात स्थितियों का मुकाबला करने के लिए राजधानी में बुधवार को एक फील्ड ट्रेनिंग और प्रदर्शन केंद्र खोला गया है। दिल्ली के बुराड़ी मैदान में रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल और परमाणु (सीबीआरएन) फील्ड ट्रे
डीआरडीओ के अध्यक्ष डॉ. समीर वी. कामत सीबीआरएन का उद्घाटन करते हुए


नई दिल्ली, 06 मई (हि.स.)। रेडियोलॉजिकल और परमाणु आपात स्थितियों का मुकाबला करने के लिए राजधानी में बुधवार को एक फील्ड ट्रेनिंग और प्रदर्शन केंद्र खोला गया है। दिल्ली के बुराड़ी मैदान में रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल और परमाणु (सीबीआरएन) फील्ड ट्रेनिंग और प्रदर्शन केंद्र का उद्घाटन रक्षा अनुसंधान और विकास विभाग के सचिव और डीआरडीओ के अध्यक्ष डॉ. समीर वी. कामत ने किया।

डीआरडीओ के मुताबिक इस प्रशिक्षण और प्रदर्शन केंद्र में विभिन्न अत्याधुनिक सुविधाएं शामिल होंगी। यहां रेडियोलॉजिकल और परमाणु परीक्षण सुविधा के साथ ही आपातकालीन चिकित्सा प्रतिक्रिया और वास्तविक समय फील्ड प्रतिक्रिया इकाइयां भी होंगी। यह केंद्र 'इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूक्लियर मेडिसिन एंड एलाइड साइंसेज' के तहत आने वाले सीबीआरएन उत्कृष्टता केंद्र का एक हिस्सा है। इस केंद्र में रक्षा मंत्रालय, गृह मंत्रालय, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और सीबीआरएन आपात स्थितियों की तैयारी तथा संकट प्रतिक्रिया में शामिल विभिन्न अन्य एजेंसियों को प्रभावी प्रशिक्षण दिया जा सकेगा।

इस केंद्र में प्रशिक्षण और कार्यशालाओं के माध्यम से विशेषज्ञों की अगली पीढ़ी को तैयार किया जा सकेगा, ताकि वे इस कार्य को अग्रिम पंक्ति तक ले जा सकें और साथ ही नवीनतम तकनीकों और प्रौद्योगिकियों को अपनाकर इस क्षेत्र को और समृद्ध बना सकें। उद्घाटन समारोह में 'सैनिक सहायता प्रणाली' के महानिदेशक डॉ. उपेंद्र कुमार सिंह, 'उत्पादन समन्वय और सेवा संपर्क' की महानिदेशक डॉ. (श्रीमती) चंद्रिका कौशिक, 'संसाधन और प्रबंधन' के महानिदेशक डॉ. रविंद्र सिंह और कॉर्पोरेट निदेशकों के साथ-साथ अन्य अधिकारी और वैज्ञानिक उपस्थित थे। -------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीत निगम