Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 04 मई (हि.स.)। असम और पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत पर पार्टी के अध्यक्ष नितिन नवीन ने दोनों राज्यों की जनता का आभार व्यक्त किया। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने एक्स पर साझा किए अपने संदेश में कहा कि पश्चिम बंगाल की देवतुल्य जनता को इस ऐतिहासिक जनादेश के लिए कोटि-कोटि धन्यवाद, आभार एवं अभिनंदन।
चैतन्य महाप्रभु, स्वामी विवेकानंद और हमारे पथप्रदर्शक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसी महान विभूतियों की यह पावन धरा अब शांति, समृद्धि और सुशासन के एक नए युग की साक्षी बनेगी।
उन्होंने कहा कि यह विजय पश्चिम बंगाल की अस्मिता, संस्कृति और गौरव की पुनर्स्थापना का प्रतीक है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हम ‘सोनार बांग्ला’ के संकल्प को साकार करने और राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए पूर्णतः समर्पित हैं।
उन्होंने आह्वान किया कि पश्चिम बंगाल में सब मिलकर एक सशक्त, सुरक्षित और समृद्ध बंगाल का निर्माण करें।
नितिन नवीन ने कहा कि असम की जनता ने लगातार तीसरी बार एनडीए पर अपना अटूट विश्वास व्यक्त कर यह स्पष्ट कर दिया है कि प्रदेश अब विकास, शांति और समृद्धि के पथ पर दृढ़ता से अग्रसर है।
यह ऐतिहासिक विजय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हुए प्रगति और सुशासन का परिणाम है।
हम असम की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, गौरवमयी परंपरा और अस्मिता को संजोते हुए राज्य को विकास की नई ऊँचाइयों तक ले जाने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी