Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

राजगढ़, 31 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बरखेड़ा में रविवार को प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार ने करीब 1.51 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित दो सीसी सड़कों का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम कर रही है और विकास का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री पंवार ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और पेयजल जैसे क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाएं बढ़ रही हैं और लोगों का जीवन स्तर बेहतर हो रहा है। उन्होंने जल संरक्षण पर भी जोर देते हुए कहा कि बढ़ते तापमान और बदलते जलवायु परिदृश्य को देखते हुए पानी बचाना समय की जरूरत है। वर्षा जल संचयन, तालाबों और कुओं के संरक्षण तथा जल के विवेकपूर्ण उपयोग को जनआंदोलन का रूप देना होगा, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए जल सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
कार्यक्रम से पहले मंत्री पंवार ने ग्राम बरखेड़ा के बूथ क्रमांक-102 पर कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का श्रवण किया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम देशवासियों को जोड़ने वाला प्रभावी राष्ट्रीय संवाद है, जो समाज के प्रेरणादायक व्यक्तित्वों और सकारात्मक प्रयासों को नई पहचान देता है।मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में भीषण गर्मी को देखते हुए नागरिकों से स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने, पर्याप्त पानी पीने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है। उन्होंने ग्रामीणों से भी गर्मी से बचाव के लिए जागरूक रहने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री बद्रीलाल यादव, राजगढ़ विधायक अमरसिंह यादव, दिलवर यादव, जसवंत गुर्जर, अमित शर्मा, पवन कुशवाह, मंडल अध्यक्ष राजू यादव, महामंत्री दीपक सामरे सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक