Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

लखनऊ, 31 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मौसम में लगातार उतार चढ़ाव का दौर जारी है। रविवार को सुबह नरम हवाएं चलीं लेकिन दोपहर बाद प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाएं चलने लगीं और बारिश हुई। हवाओं की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई।
राजधानी लखनऊ में पिछले दो दिनों में नरम हवाएं और बूंदाबांदी के कारण लोगों को गर्मी और उमस से थोडी राहत मिल रही है लेकिन रविवार को मौसम का रुख अचानक तेजी से बदल गया। वैसे सुबह से ही नरम हवाओं के कारण ऐसा आभास था कि मौसम में कभी भी बदलाव हो सकता है और दोपहर बाद वही हुआ। रविवार दोपहर अचानक तेज हवाएं चलने लगीं और बादलों ने सूरज को ढक लिया। सड़कों पर अंधेरा और धूल का गुबार छा जाने से कुछ समय के लिए जनजीवन भी प्रभावित हुआ। राजधानी लखनऊ में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई जबकि प्रदेश के अन्य जिलों सीतापुर, बाराबंकी, संभल, मुरादाबाद, हाथरस, गोंडा और बलरामपुर में बारिश दर्ज की गई जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर, फिरोजाबाद, फर्रुखाबाद, अलीगढ़ और बुलंदशहर में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश हुई है और यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
मौसम विज्ञान विभाग के लखनऊ केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार उत्तर प्रदेश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर व बंगाल की खाड़ी से लगातार आ रही नमी के कारण प्रदेश के मौसम में बार-बार तेजी से यह बदलाव देखने को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि सोमवार को भी राजधानी समेत उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादलों की सक्रियता बनी रहेगी। मौसम विभाग ने कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जतायी है।
हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह