Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सुपौल, 31 मई (हि.स.)। जिले के पिपराथाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है।
महज तीन दिनों के भीतर चोरी और चोरी के प्रयास की तीन घटनाएं सामने आने से इलाके में दहशत का माहौल है। ताजा मामला पथरा उत्तर पंचायत के सन्यासी टोला का है, जहां चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये मूल्य के सामान पर हाथ साफ कर दिया।
जानकारी के अनुसार, सन्यासी टोला वार्ड संख्या-5 निवासी इंदल गिरी रोजगार के सिलसिले में दिल्ली में रहते हैं। घर में रहने वाले बच्चे भी रात में रिश्तेदारों के यहां सोने चले जाते थे। इसी का फायदा उठाकर शनिवार रात अज्ञात चोरों ने घर के मुख्य गेट की लोहे की कुंडी तोड़ दी और अंदर घुस गए।
चोरों ने घर के कमरों में रखे बक्से और ट्रॉली बैग को तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर, नकद राशि तथा अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। इतना ही नहीं, बदमाश घर से एलसीडी टीवी, टेंपू की बैटरी और एक बकरा भी अपने साथ ले गए।घटना का खुलासा रविवार सुबह हुआ, जब इंदल गिरी की 12 वर्षीय पुत्री नंदिनी कुमारी घर पहुंची।
घर के अंदर सामान बिखरा देख उसने ग्रामीणों को सूचना दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।गौरतलब है कि इससे पहले गुरुवार रात पथरा दक्षिण पंचायत में भी एक घर में बड़ी चोरी की घटना हुई थी, जिसकी पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। वहीं शुक्रवार को चोरों ने पिपरा थाना से सटे अंचल परिसर स्थित अभिलेखागार के आरओ कार्यालय में चोरी का प्रयास किया था, लेकिन वहां तैनात गार्ड की सतर्कता के कारण बदमाश अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके।लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि गांवों और टोले-मोहल्लों में नियमित पुलिस गश्ती नहीं होने के कारण अपराधियों के हौसले बढ़ गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस की सक्रियता मुख्य सड़क और बाजार क्षेत्रों तक सीमित रहती है, जबकि ग्रामीण इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कमजोर बनी हुई है।
इधर, पिपरा थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा जल्द ही चोरी में शामिल अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। लगातार हो रही वारदातों को देखते हुए पुलिस क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने की बात कह रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र