जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव ने सखी वन स्टॉप सेंटर का किया निरीक्षण
नारायणपुर, 31 मई (हि.स.)। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोंडागांव खिलावन राम रीगरी के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव गायत्री साय ने आज रविवार काे सखी वन स्टॉप सेंटर नारायणपुर का निरीक्षण किया
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव ने सखी वन स्टॉप सेंटर का किया निरीक्षण


नारायणपुर, 31 मई (हि.स.)। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोंडागांव खिलावन राम रीगरी के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव गायत्री साय ने आज रविवार काे सखी वन स्टॉप सेंटर नारायणपुर का निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य महिलाओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं, केंद्र की कार्यप्रणाली तथा सेवा की गुणवत्ता का प्रत्यक्ष मूल्यांकन करना था। निरीक्षण के दौरान सचिव ने केंद्र में आश्रय प्राप्त महिलाओं से चर्चा कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सहायता की जानकारी ली। उन्होंने कानूनी सहायता, चिकित्सा सेवाएं, मनोवैज्ञानिक परामर्श, आश्रय सुविधा एवं पुलिस सहायता सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

सचिव ने निर्देश दिए कि आश्रय हेतु आने वाली महिलाओं को शासन द्वारा निर्धारित सभी सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं तथा पीड़ित महिलाओं के साथ संवेदनशीलता और समर्पण भाव से कार्य किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जिन महिलाओं को कानूनी सहायता की आवश्यकता है, उनके आवेदन तैयार कर निशुल्क कानूनी सलाह एवं सहायता के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को भेजा जाए, ताकि उन्हें उनके अधिकार दिलाए जा सकें। निरीक्षण के दौरान सखी वन स्टॉप सेंटर के कर्मचारी एवं अधिकार मित्र उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे