Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नारायणपुर, 31 मई (हि.स.)। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोंडागांव खिलावन राम रिगरी के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव गायत्री साय ने रविवार काे उप-जेल नारायणपुर का निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य जेल प्रशासन की व्यवस्थाओं, बंदियों की स्थिति, स्वास्थ्य सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सेवाओं की समीक्षा करना था।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने जेल की विभिन्न बैरकों, रसोईघर, चिकित्सालय, पुस्तकालय एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने बताया कि लीगल एंड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के तहत प्रत्येक आरोपित एवं बंदी को आवश्यकता अनुसार प्रशिक्षित और योग्य अधिवक्ता उपलब्ध कराया जाता है, जो प्रारंभिक जांच से लेकर मुकदमे के अंतिम निर्णय तक निशुल्क कानूनी सहायता प्रदान करता है। सचिव ने जेल परिसर में बंदियों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए संचालित हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की तथा इसे प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सहायक जेल अधीक्षक संजय नायक, जेल कर्मचारी एवं अधिकार मित्र उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे