Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

चंडीगढ़, 31 मई (हि.स.)। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) की इकाई टर्मिनल बैलिस्टिक्स रिसर्च लेबोरेटरी (टीबीआरएल) ने रविवार को पंचकूला के रामगढ़ फायरिंग रेंज में हाई कैलिबर बम का सफल परीक्षण किया। बम के धमाके की गूंज छह किलोमीटर के क्षेत्र में सुनाई दी।
परीक्षण को लेकर पहले से ही जिला प्रशासन, पुलिस और टीबीआरएल द्वारा व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। रविवार सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक रामगढ़ रेंज में उच्च क्षमता वाले बमों का परीक्षण किया गया। ट्रायल की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित किया गया था।
पंचकूला पुलिस और प्रशासन ने परीक्षण से पहले आसपास के भानु और बिल्ला गांवों के निवासियों को घरों के अंदर रहने और जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की सलाह दी थी। इसके साथ ही लोगों से परीक्षण क्षेत्र के आसपास अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील भी की गई थी। संभावित खतरे को देखते हुए परीक्षण स्थल के आसपास करीब दो किलोमीटर के क्षेत्र को अत्यधिक संवेदनशील घोषित किया गया था।
परीक्षण के दौरान समूचे क्षेत्र में पुलिस बल तैनात रहा। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके में निगरानी की। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष प्रबंध किए गए थे। परीक्षण के दौरान सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया गया और ट्रायल सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। रक्षा अनुसंधान से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, इस तरह के परीक्षण देश की रक्षा क्षमताओं को मजबूत बनाने और उन्नत हथियार प्रणालियों के विकास के लिए महत्वपूर्ण माने जाते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा