Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जींंद, 31 मई (हि.स.)। नरवाना क्षेत्र के गांव गढ़ी बस अड्डे के पास सड़क पार कर रही महिला को एक कार ने टक्कर मार दी। जिसमें महिला की दो दिन बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मृतका के शव का नागरिक अस्पताल नरवाना में पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मृतका के परिजनों की शिकातय पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव पीपलथा निवासी अंग्रेज सिंह ने गढ़ी थाना पुलिस को दी शिकायत बताया कि उनकी माता जसवीर कौर (55) गत 28 मई को पंजाब के पटियाला जिले में स्थित अपने मायके धमेहेड़ी से लौट रही थी। उनकी माता गढ़ी बस अड्डे पर बस से उतरकर सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान दातासिंह वाला गांव की तरफ से आई तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
इस हादसे में उनकी माता गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद कार चालक धनौरी निवासी सुशील कुमार उसकी मां को नागरिक अस्पताल नरवाना पहुंचाया लेकिन चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल अग्रोहा रेफर कर दिया लेकिन शनिवार को उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है।
गढ़ी थाना के जांच अधिकारी एएसआई भीम सिंह ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने महिला के बेटे अंग्रेज सिंह की शिकायत पर आरोपित चालक सुशील कुमार के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा