Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बलरामपुर, 31 मई (हि.स.)। जिले में एक जून से 30 जून तक खेत बचाओ अभियान चलाया जाएगा। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान का उद्देश्य किसानों को प्राकृतिक खेती, मृदा संरक्षण और संतुलित उर्वरक उपयोग के प्रति जागरूक करना है।
अभियान के तहत ग्राम पंचायत, विकासखंड और जिलास्तर पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कृषक संगोष्ठियों, कृषि चौपालों और प्रदर्शनी के माध्यम से किसानों को प्राकृतिक खेती के लाभ, रासायनिक उर्वरकों के दुष्प्रभाव तथा मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के उपायों की जानकारी दी जाएगी।
कृषि वैज्ञानिक किसानों को मृदा परीक्षण आधारित खेती, उर्वरकों के संतुलित उपयोग और फसल चयन के संबंध में मार्गदर्शन देंगे। साथ ही जैविक खाद, जैव उर्वरक, नैनो उर्वरक, एनपीके और एसएसपी जैसे विकल्पों के उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा।
अभियान के दौरान दीवार लेखन, शपथ कार्यक्रम और जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन भी होगा। पंचायत स्तर पर किसानों को अपनी कृषि भूमि के एक हिस्से में प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
कृषि विभाग के अधिकारियाें ने रविवार काे बताया कि रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग से मिट्टी की उर्वरता, मृदा कार्बन और पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इसी को देखते हुए प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है।
कलेक्टर ने किसानों से अभियान में सक्रिय भागीदारी कर प्राकृतिक खेती और संतुलित उर्वरक उपयोग अपनाने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय