Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

खूंटी, 31 मई (हि.स.)।
झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) की ओर से रविवार को खूंटी प्रखंड के हुटार चौक के समीप सदस्यता अभियान चलाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर संगठन से जुड़ने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन बीरेन्द्र लुगुन एवं सुरेश टोपनो ने संयुक्त रूप से किया, जबकि अभियान का नेतृत्व अर्पित संगा ने किया। सभा की अध्यक्षता विश्वकर्मा उरांव और हरेन्द्र सिंह ने की।
अभियान के दौरान जेएलकेएम के जिला अध्यक्ष कुमार ब्रजकिशोर सहित जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जयराम महतो के नेतृत्व में जेएलकेएम सभी जाति, समुदाय और युवाओं की आवाज बनकर उभर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी समाज के हर वर्ग के अधिकारों की रक्षा और उनके हितों के लिए लगातार संघर्ष कर रही है।
वक्ताओं ने युवाओं से सामाजिक सरोकारों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए रक्तदान के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और जरूरत के समय किसी व्यक्ति की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इसलिए युवाओं को नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।
इस अवसर पर विक्रम महतो, पवन कुमार, बजरंग साहू, विवेक महतो, लालमोहन महतो, धर्मेंद्र, जयंत कुमार, तुलसी उरांव, मदन सिंह, अजय कोंगाड़ी, रीना लकड़ा, पम्मी देवी सहित बड़ी संख्या में युवा एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कार्यक्रम में संगठन को मजबूत बनाने और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने का संकल्प लिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा