Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पश्चिमी सिंहभूम, 31 मई (हि.स.)।
पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा निवासी रविन्द्र ठाकुर ने जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) के एक दुकानदार पर छह वर्षों से पूरा राशन नहीं देने का आरोप लगाते हुए उपायुक्त से न्याय की गुहार लगाई है।
उन्होंने इस संबंध में एक लिखित आवेदन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
रविवार को रविन्द्र ठाकुर ने बताया कि उनके राशन कार्ड संख्या 202005265297 में परिवार के पांच सदस्य दर्ज हैं, लेकिन उन्हें पिछले छह वर्षों से केवल एक यूनिट के आधार पर राशन दिया जा रहा है।
उनका आरोप है कि बड़ी बाजार स्थित पीडीएस दुकान के संचालक निसार अहमद परिवार के सभी सदस्यों के हिस्से का राशन नहीं देते हैं।
उन्होंने कहा कि जब भी वे पूरे परिवार के अनुपात में राशन और अन्य सरकारी सामग्री की मांग करते हैं, तो उनके साथ दुर्व्यवहार किया जाता है।
आवेदन में रविन्द्र ठाकुर ने यह भी आरोप लगाया है कि कोरोना काल के दौरान मिलने वाली कई सरकारी सुविधाओं से भी उन्हें वंचित रखा गया। उनके अनुसार साड़ी, धोती, लुंगी, चना दाल सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ भी उन्हें नहीं मिला।
उन्होंने दावा किया है कि वर्ष 2021 से 2026 तक राशन वितरण का रिकॉर्ड सादे कॉपी में केवल एक यूनिट के आधार पर दर्ज किया गया, जबकि ऑनलाइन रिकॉर्ड में 25 किलोग्राम राशन दर्शाया गया है। मामले की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और खाद्य सचिव को भी भेजी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक