Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

चंडीगढ़, 31 मई (हि.स.)। पंजाब के
हलवारा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का टर्मिनल भवन पहली ही तेज बारिश और
आंधी के बाद विवादों में घिर गया है। शनिवार को हुई भारी बारिश और तेज हवाओं के
चलते एयरपोर्ट टर्मिनल के कई हिस्सों को नुकसान पहुंचा, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर
गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मामले की जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
एयरपोर्ट के प्रस्थान क्षेत्र और टिकट काउंटरों के पास फॉल्स सीलिंग, छत के पैनल और सजावटी ढांचे के कुछ
हिस्से गिर गए। इसके अलावा टर्मिनल भवन के विभिन्न हिस्सों से पानी रिसने की
शिकायतें भी सामने आई हैं। घटना की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने
के बाद लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए।
करीब 54 करोड़ रुपये की लागत से बने इस
प्रोजेक्ट में टर्मिनल भवन पर लगभग 27 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। वर्ष 2021 में शुरू हुई इस परियोजना को निर्माण
के दौरान कई बार देरी का सामना करना पड़ा। बताया जाता है कि मूल ठेकेदार ने बीच
में ही काम छोड़ दिया था, जिसके
बाद शेष निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने ‘कॉस्ट एंड रिस्क’ क्लॉज के तहत पूरा कराया।
हलवारा एयरपोर्ट के निदेशक जगिर सिंह ने बताया कि क्षेत्र में
आए तेज तूफान और भारी बारिश के कारण यह नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि संबंधित
अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं और मरम्मत का काम शुरू कर दिया
गया है, जिसे जल्द पूरा कर
लिया जाएगा। मामले को लेकर जांच शुरू कर दी गई है, ताकि नुकसान के वास्तविक
कारणों और जिम्मेदारियों का पता लगाया जा सके।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH