Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

गुरुग्राम, 31 मई (हि.स.)। यहां डीएलएफ फेज-1 में घर से सोने व हीरे के आभूषण चोरी हो गए। इस चोरी का शक बच्चों को पढ़ाने वाली ट्यूटर व नौकरानी पर जताया गया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने रविवार को बताया कि चोरी की एफआईआर दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार डीएलएफ फेज-1 निवासी अपर्णेश कुमार ने डीएलएफ फेज-1 थाना पुलिस को एक शिकायत दी। शिकायत में बताया कि 28 मई की रात करीब 10 बजे उन्हें अपने घर से सोने व हीरे के आभूषण गायब होने का पता चला। आखिरी बार उन्होंने आभूषण 24 मई को देखे गए थे। उस दिन तक सब सामान सुरक्षित था। शिकायत में कहा कि चोरी हुए सामान में सोने की चेन, सोने की चूड़ी, कुछ सोने की बालियां, सोने और हीरे की अंगूठियां शामिल हैं। अपर्णेश कुमार ने इस चोरी का संदेह होम ट्यूटर व नौकरानी पर जताया है। कमरा और अलमारी तक सिर्फ उन्हीं की पहुंच थी। जांच अधिकारी अतिरिक्त उप-निरीक्षक (एएसआई) हरविंदर ने रविवार को बताया कि पीडि़त पक्ष की शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर