Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

-फॉर्च्यूनर के बोनट पर चढक़र किया डांस, तेज म्यूजिक बजाकर मचाया उत्पात
-आरडब्ल्यूए ने किरायेदारों को फ्लैट खाली करने का दिया अल्टीमेटम
गुरुग्राम, 31 मई (हि.स.)। सेक्टर-92 स्थित सारे होम्स सोसाइटी में शनिवार देर रात शराब पार्टी के बाद हुए हुड़दंग के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए कई युवकों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई फॉच्र्यूनर समेत अन्य वाहनों को भी इंपाउंड कर दिया है। आरडब्ल्यूए की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार सोसाइटी में रहने वाले एक किरायेदार से मिलने कुछ बाहरी युवक आए थे। बताया जा रहा है कि युवकों ने फ्लैट के अंदर शराब पार्टी की और देर रात कॉमन एरिया में उतरकर जमकर हंगामा किया। आरोपियों ने फॉर्च्यूनर के दरवाजे खोलकर तेज आवाज में म्यूजिक बजाया और डांस करना शुरू कर दिया। एक युवक वाहन के बोनट पर चढक़र हरियाणवी गानों पर नाचता दिखाई दिया, जिससे सोसाइटी में रहने वाले लोगों में भय और आक्रोश फैल गया। सारे होम्स आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष प्रवीन मलिक ने रविवार को बताया कि शोर-शराबा बढऩे पर सिक्योरिटी स्टाफ ने युवकों को रोकने और फ्लैट में वापस जाने के लिए कहा। इस दौरान युवक भडक़ गए और सुरक्षा कर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने एक सिक्योरिटी गार्ड के साथ मारपीट भी की।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। आरडब्ल्यूए ने अपनी शिकायत में बताया कि मुख्य आरोपी पहले भी सोसाइटी में इस तरह की आपत्तिजनक गतिविधियों में शामिल रहा है। पिछली बार उसे लिखित माफीनामा देने और जुर्माना भरने के बाद चेतावनी देकर छोड़ दिया गया था, लेकिन उसके व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवक हुड़दंग मचाते, तेज संगीत पर डांस करते और सुरक्षा कर्मियों के साथ अभद्रता करते नजर आ रहे हैं। बढ़ते जनाक्रोश के बीच आरडब्ल्यूए ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित किरायेदारों को दो दिन के भीतर फ्लैट खाली करने का अल्टीमेटम जारी किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है। कानून व्यवस्था भंग करने, मारपीट करने और सार्वजनिक शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर