Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

फरीदाबाद, 31 मई (हि.स.)। आईएमटी, जुन्हेड़ा, बुखारपुर, प्रहलादपुर और कौराली गांव के लोगों के लिए 36 साल बाद फिर से हरियाणा रोडवेज की बस सेवा शुरू हो गई है। आजादी के बाद 1990 में 10 दिन के लिए रोडवेज की बस चली थी लेकिन ग्रामीणों का रुझान न होने की वजह से बंद हो गई। अब स्थानीय जिला पार्षद एडवोकेट अनिल पराशर की सिफारिश पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी शिखा ने बस सेवा शुरू करा दी है। रविवार को जब गांव में बस आई तो ग्रामीणों ने काफी राहत महसूस की। अनिल पाराशर ने बताया कि ग्रामीणों की लंबे समय से बस सेवा शुरू करने की मांग चली आ रही थी। जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने ग्रामीणों की परेशानी को समझते हुए तुरंत बस सेवा शुरू करने पर हामी भर दी। उन्होंने बताया कि बस का रूट बल्लभगढ़ बस अड्डे से शुरू होगा। यहां से बस आईएमटी आएगी। आईएमटी से बुखारपुर, यहां से कौराली मोड़ और फिर जुन्हेड़ा होते हुए वापस आइएमटी जाएगी। इस रूट पर कई गांव व कॉलोनियां हैं। जिससे हजारों लोगों को लाभ मिलेगा। इन गांव में सार्वजनिक परिवहन की कोई सुविधा नहीं है। यहां तक कि ऑटो भी नहीं चलते। इसलिए ग्रामीण बेहद परेशान थे। निजी वाहनों से या तिगांव तक पैदल आना-जाना हो रहा था। महिलाएं व बच्चों के लिए तो किसी न किसी को नौकरी से छुट्टी लेनी पड़ती थी, तब जाकर वह कहीं जा पाती थी। अब यह बस सुबह करीब साढ़े सात बजे इन गांव में पहुंच जाएगी। शाम को करीब साढ़े पांच बजे फिर से बस का दोबारा चक्कर लगेगा। यदि बस को सवारियों का रुझान ठीक मिला तो यह चक्कर बढ़ाए जा सकते हैं। जुन्हेड़ा गांव के सरपंच योगिंद्र ने बताया कि बस सेवा शुरू होने से बड़ी राहत मिली है। ग्रामीणों ने आग्रह है कि वह इस काम में सहयोग करें और बिना टिकट कोई भी यात्रा न करे। बुखारपुर गांव के सरपंच संदीप, कृपाल मास्टर, गुड्डू, ललित, गोकुल और अमित ने भी बस सेवा शुरू होने पर आभार जताया।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर