दुष्कर्म और ठगी के आरोप में सिविक वॉलंटियर को पांच दिन की पुलिस हिरासत
अपने रसूख का दुरुपयोग कर रहा था शारिरीक शोषण
आरोपी को लेकर जाती पुलिस


पश्चिम बर्दवान, 31 मई (हि. स.)। आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट

(एडीपीसी) अंतर्गत दुर्गापुर महिला थाना की पुलिस ने एक महिला से दुष्कर्म, ठगी और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देने के आरोप में कोकओवन थाना में तैनात सिविक वॉलंटियर चिरंजीत साहा को गिरफ्तार किया है। आरोपित को अदालत में पेश किए जाने के बाद पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

पीड़िता ने आरोप लगाया है कि चिरंजीत साहा लंबे समय से उसे धमकाकर शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर कर रहा था। महिला का कहना है कि आरोपित ने उसके निजी वीडियो का इस्तेमाल कर उसे कई बार दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, उसने अपने कुछ दोस्तों के साथ भी संबंध बनाने का दबाव बनाया। विरोध करने पर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी जाती थी।

मामले में पीड़िता की ओर से शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद भी लंबे समय तक कोई कार्रवाई नहीं होने पर पुलिस की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं। पीड़िता के अधिवक्ता रतन कुमार सिंह का आरोप है कि शिकायत अप्रैल माह में दर्ज कराई गई थी, लेकिन लगभग दो महीने तक पुलिस ने आरोपित के खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई होती तो पीड़िता को लगातार मानसिक और सामाजिक प्रताड़ना का सामना नहीं करना पड़ता।

रविवार को आरोपित को दुर्गापुर अनुमंडल न्यायालय में पेश किया गया। सुनवाई के दौरान अदालत ने उसे पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया, ताकि मामले की गहन जांच की जा सके।

इस बीच अदालत परिसर में भी विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस आरोपित को मुख्य मार्ग से बाहर ले जाने के बजाय पीछे के रास्ते से वाहन तक लेकर गई। इस घटना को लेकर लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।

अधिवक्ता रतन कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि पुलिस आरोपित को सार्वजनिक आक्रोश और मीडिया की नजरों से बचाने का प्रयास कर रही थी।

घटना के बाद दुर्गापुर और आसपास के क्षेत्रों में लोगों के बीच नाराजगी देखी जा रही है। विभिन्न महिला संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने निष्पक्ष जांच, त्वरित न्याय और आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। कुछ संगठनों ने कोकओवन थाना के बाहर प्रदर्शन कर पुलिस की शुरुआती निष्क्रियता पर भी सवाल उठाए।

दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने बताया है कि मामले की जांच डीएसपी स्तर के अधिकारी की निगरानी में की जाएगी। आरोपित सिविक वॉलंटियर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है तथा उसके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा